लाल बहादुर नगर में 27 जनवरी से 4 फरवरी तक भव्य श्रीराम मानस महायज्ञ का आयोजन, अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता संत चिन्मयानंद बापू जी (हरिद्वार) करेंगे प्रवचन



केशव साहू

राजनांदगांव।
नगर पंचायत धर्मनगरी लाल बहादुर नगर (पाथरी) में आगामी 27 जनवरी 2026 से 4 फरवरी 2026 तक श्रीराम मानस महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन आयोजन में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त प्रवक्ता परम पूज्य संत चिन्मयानंद बापू जी (हरिद्वार) प्रतिदिन श्रीरामचरितमानस पर प्रवचन देंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, महायज्ञ का आयोजन हाई स्कूल ग्राउंड, नगर पंचायत लाल बहादुर नगर में किया जाएगा।
यज्ञ का समय प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा
प्रवचन का समय दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।
महायज्ञ के यज्ञाचार्य पं. पवन द्विवेदी होंगे। वहीं पुरोहित के रूप में श्री मूर्ति प्रसाद तिवारी, श्री कुंजू प्रसाद तिवारी, श्री कुंदन प्रसाद तिवारी एवं श्री तिलोक तिवारी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत 27 जनवरी 2026 को ग्राम देवता एवं श्री हनुमान जी की पूजा तथा सुंदरकांड पाठ से होगी।
28 जनवरी को प्रायश्चित कर्म, जल मंडल प्रवेश, वेद पूजन एवं अग्नि स्थापना की जाएगी।
29 जनवरी से 3 फरवरी तक मानस मंत्रों से आहुतियां दी जाएंगी।
4 फरवरी 2026 को प्रातः 10 से 11 बजे तक पूर्णाहुति, अवभृत्य स्नान एवं महाप्रसादी भंडारे का आयोजन होगा।
आयोजन समिति ने बताया कि यह महायज्ञ नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और सामाजिक समरसता के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं, महिला मानस मंडलियों, नवयुवक समितियों एवं समस्त नगरवासियों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है।
आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं मानस प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा श्रवण एवं यज्ञ पुण्य लाभ अर्जित करें।