पाटन। ग्राम पंचायत सावनी में “हमारे देश का राष्ट्रीय तिरंगा झंडा, सभी भारतीयों की शान—तिरंगा यात्रा का महाअभियान” के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। पंचायत प्रतिनिधिमंडल एवं गांव के छात्र-छात्राओं, प्राचार्य और शिक्षकगण के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई इस यात्रा में ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। पूरे गांव में भारत माता और तिरंगे के सम्मान से जुड़ा उत्साह नजर आया। यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना का संदेश दिया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों के साथ विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और तिरंगे की गरिमा बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।

तिरंगा यात्रा के दौरान गांव का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।





