संजय साहू

अण्डा।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का ग्राम थनौद अपनी प्रसिद्ध मूर्तिकला के लिए देशभर में पहचान रखता है। यहां गणेश और मां दुर्गा अन्य मूर्ति बड़ी-बड़ी प्रतिमाएं तैयार की जाती हैं।

मूर्तिकला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाला यही गांव इन दिनों बदहाल सड़कों की समस्या से जूझ रहा है। गांव की मुख्य सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों और वाहनों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क की खराब स्थिति का असर मूर्तिकारों के काम और प्रतिमाओं के परिवहन पर भी पड़ रहा है।

वर्तमान में गणेश प्रतिमाएं ले जाई जा रही हैं, वहीं अब नवरात्रि की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। ऐसे में थनौद से बड़ी-बड़ी प्रतिमाओं को अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाने के दौरान खराब सड़क परेशानी का कारण बन रही है। गड्ढों के कारण प्रतिमाओं के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही परिवहन के दौरान हादसे का खतरा भी बना रहता है।
थनौद दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में आता है। प्रदेश में भाजपा की सरकार होने और केंद्र व राज्य में डबल इंजन सरकार होने के बावजूद मूर्तिकला के लिए प्रसिद्ध इस गांव की सड़क व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर सवाल यह है कि जिस गांव की मूर्तियां प्रदेश और देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचती हैं, वहां की बुनियादी सड़क व्यवस्था कब सुधरेगी, क्या प्रशासन और संबंधित विभाग थनौद की मुख्य सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराएंगे, ताकि मूर्तिकारों और प्रतिमा लेने आने वाले लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।







