पंडरिया।ब्लाक के ग्राम किशुनगढ़ में नाली निर्माण के लिए रविवार सुबह खुदाई की जा रही थी।इसी दौरान नर कंकाल का सर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पॉलीथिन का थैला, चप्पल और अन्य सामग्री भी मिलने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, गांव में जी राम जी योजना के अंतर्गत नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान खुदाई करते समय नर कंकाल दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
फोरेंसिक जांच से खुलेगा रहस्य–
खुदाई में मिले नर कंकाल को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कंकाल किसका है, वह वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा तथा मौके से मिली सामग्री का उससे क्या संबंध है.इन सवालों के जवाब फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस ने नर कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हत्या या किसी अन्य घटना से जुड़ा है मामला-नर कंकाल मिलने के बाद घटना को लेकर कई आशंकाएं जताई जा सकती हैं, लेकिन फिलहाल इसे हत्या या किसी आपराधिक घटना से जोड़ना जल्दबाजी होगी। पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारण, समय तथा मृतक की पहचान से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
ग्राम किशुनगढ़ में निर्माण कार्य के दौरान जमीन के भीतर मिले नर कंकाल ने मामले को गंभीर बना दिया है। अब सबकी फोरेंसिक जांच पर टिकी हुई है।सरपंच रोहित कुमार ने बताया कि खुदाई के दौरान नर कंकाल मिला था,जिसके बाद पंडरिया पुलिस को सूचना दी गई।

” नर कंकाल का सिर वाला भाग खुदाई के दौरान किशुनगढ़ में मिला है।सूचना मिलने पर उसे कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।फोरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा जा रहा है।”
भूपत सिंह धनेश्री,एसडीओपी पंडरिया।






