चौकी चिखली पुलिस व सायबर सेल की संयुक्त कार्रवाईपिस्टल व देशी कट्टा दिखाकर दहशत फैलाने वाले सात आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव, 14 फरवरी 2026। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी चिखली पुलिस एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों के साथ दहशत फैलाने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 02 पिस्टल, 02 देशी कट्टा एवं 01 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भापुसे) एवं श्री अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में की गई।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई
दिनांक 12.02.2026 को शंकरपुर क्षेत्र के नागरिकों द्वारा सूचना दी गई कि ‘चार्ली’ नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास पिस्टल एवं कट्टा दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही चौकी चिखली प्रभारी द्वारा टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस को देखकर चार संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली, डिगम्बर साहू उर्फ छोटू, सेवक कश्यप उर्फ डाला एवं गुंजेश वर्मा उर्फ शिया बताए।
तलाशी के दौरान शिवम सिन्हा के कब्जे से एक पिस्टल व जिंदा कारतूस तथा डिगम्बर साहू के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। मौके पर ही गवाहों के समक्ष जप्ती की कार्रवाई की गई।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी
पूछताछ में मुख्य आरोपी शिवम उर्फ चार्ली ने बताया कि उसने अपने साथी विक्की देशमुख उर्फ मोनू निवासी चन्द्रखुरी (दुर्ग) के साथ मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से 02 पिस्टल एवं 02 कट्टा खरीदकर क्षेत्र में रौब जमाने व बिक्री के उद्देश्य से लाए थे।
सूचना के आधार पर सायबर सेल के साथ संयुक्त टीम बनाकर दुर्ग में दबिश दी गई, जहां विक्की देशमुख के कब्जे से 01 देशी कट्टा बरामद किया गया।
इसके अतिरिक्त जानकारी मिली कि एक पिस्टल उमेश साहू उर्फ बठालू (धमतरी) को दी गई है। रात्रि में मोहारा पुल के पास घेराबंदी कर उमेश साहू एवं जतीनदास मानिकपुरी को पकड़ा गया। तलाशी में जतीनदास मानिकपुरी के कब्जे से 01 पिस्टल बरामद हुई।
सात आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण में कुल सात आरोपियों द्वारा संगठित होकर अवैध रूप से पिस्टल व कट्टा रखने एवं दहशत फैलाने का अपराध पाए जाने पर धारा 111 बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों का विवरण
शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली (26 वर्ष), निवासी शंकरपुर, राजनांदगांव
डिगम्बर साहू उर्फ छोटू (27 वर्ष), निवासी पेण्ड्री, राजनांदगांव
सेवक कश्यप उर्फ डाला (22 वर्ष), निवासी शंकरपुर, राजनांदगांव
गुंजेश वर्मा उर्फ शिया (26 वर्ष), निवासी शारदा चौक, राजनांदगांव
विक्की देशमुख उर्फ मोनू (25 वर्ष), निवासी चन्द्रखुरी, दुर्ग
जतीनदास मानिकपुरी (27 वर्ष), निवासी गोकुल वाटिका, धमतरी
उमेश साहू उर्फ बठालू (26 वर्ष), निवासी गोकुलपुर, धमतरी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।
बरामदगी
02 नग पिस्टल
02 नग देशी कट्टा
01 नग जिंदा कारतूस
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, सउनि विनोद कुमार वर्मा, प्र.आर. अरुण कुमार नेताम, आरक्षक चन्द्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, किशोर मार्बल, आदित्य सोलंकी तथा सायबर सेल के उप निरीक्षक नरेश बंजारे सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा जिले में अवैध हथियारों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहने की बात कही गई है।