शेर-ए-इस्लाम अखाड़ा के सदस्यों बीच हुई कटर बाजी, अपराध दर्ज

भिलाईनगर, 15 जून 2026। मोहर्रम पर्व की तैयारियों के दौरान इमामबाड़ा की दीवारों पर रंग-रोगन कराने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर कटर से हमला कर दिया । मामले में भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

भिलाई नगर पुलिस के अनुसार सेक्टर-6 स्थित शेर-ए-इस्लाम अखाड़ा सड़क निवासी मोहम्मद इजहार खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह इमामबाड़ा समिति का सदस्य है। आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए 14 जून की सुबह करीब 9:20 बजे वह इमामबाड़ा मैदान के पास समिति के दूसरे सदस्य वसीम परवेज उर्फ राजा से इमामबाड़ा की दीवारों पर रंग-रोगन कराने को लेकर चर्चा कर रहा था।

प्रार्थी के अनुसार वह दीवारों पर लाइट ग्रीन रंग कराने के पक्ष में था, जबकि वसीम परवेज डार्क ग्रीन रंग कराने की बात कह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान वसीम परवेज ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे कटर से उसके पेट पर हमला कर दिया।
हमले में मोहम्मद इजहार खान के पेट के बाएं हिस्से और चेहरे के बाएं गाल पर चोट आई। प्रार्थी का कहना है कि वह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, अन्यथा आरोपी उसकी हत्या कर सकता था। घायल को गंभीर रजक और तहसीन रज्जाक द्वारा उपचार के लिए सुपेला अस्पताल ले जाया गया।

घटना की जानकारी सिबतेन रज्जाक को देने के बाद पीड़ित थाना भिलाई नगर पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी वसीम परवेज उर्फ राजा के खिलाफ अपराध क्रमांक 323/2026 के तहत धारा 109 (1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।