एक दीप साक्षरता के नाम’: शत-प्रतिशत साक्षरता के लिए लोगों को किया गया जागरूक


पंडरिया। विकासखंड पंडरिया के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर (नया) में दीपावली की पूर्व संध्या पर ‘एक दीप साक्षरता के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ साक्षरता का दीप जलाकर, अशिक्षा के अंधकार को मिटाने और प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया गया।
प्रकाश पर्व को शिक्षा के संकल्प से जोड़ने की पहल:
इस अवसर पर ‘राज्य शिक्षक’ सम्मान प्राप्त व्याख्याता संतोष कुमार साहू ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य दीपावली के प्रकाश पर्व को शिक्षा के संकल्प से जोड़ना है, ताकि हर घर में खुशियों के साथ ज्ञान का दीप भी जले और कोई भी वयस्क निरक्षर न रहे।
दिलाई गई शत-प्रतिशत साक्षरता की शपथ:
उन्होंने ‘उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत उपस्थित लोगों को शत-प्रतिशत साक्षरता के संकल्प के साथ साक्षरता की शपथ भी दिलाई।
व्याख्याता ज्योति ध्रुव ने भी लोगों को साक्षरता का संदेश देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 2026-27 तक प्रदेश के शत-प्रतिशत लोगों को साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस पुनीत कार्य में हम सभी की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर व्याख्याता संतोष कुमार साहू, योगेश कुमार गुरुदिवान, ज्योति ध्रुव, स्वयंसेवी शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।