। ग्राम औरी के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। प्रशासन ने गांव में तालाब निर्माण के लिए 29 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही तालाब निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक भी तालाब नहीं होने के कारण वर्षों से निस्तार की गंभीर समस्या बनी हुई थी। खासकर गर्मी के दिनों में ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण लगातार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मांग कर रहे थे।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच के नेतृत्व में सांसद, विधायक एवं कलेक्टर से मुलाकात कर गांव की समस्या से अवगत कराया था। इसके अलावा सुशासन शिविर में भी आवेदन देकर तालाब निर्माण की मांग उठाई गई थी। लगातार प्रयासों के बाद प्रशासन द्वारा तालाब निर्माण के लिए 29 लाख रुपए की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सरपंच के सफल प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सरपंच कलिंद्री गजेन्द्र मानिकपुरी, सरिता भुरू सोनवानी, मनीष, तुका यादव, बंटी बंजारे, यशवंत, अभिषेक, दिलीप टंडन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





