सिरपुर महोत्सव में विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री साय करेंगे लगभग 200 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर।सिरपुर महोत्सव के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और करीब 200 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

महोत्सव के दौरान कुल 199 करोड़ 28 लाख 59 हजार रुपए की लागत के 99 विकास कार्यों की शुरुआत की जाएगी। इनमें 64 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जिनकी कुल लागत 40 करोड़ 88 लाख 2 हजार रुपए है। वहीं 35 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा, जिन पर 158 करोड़ 40 लाख 57 हजार रुपए खर्च होंगे।

लोकार्पण होने वाले कार्यों में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के 4 कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 19 कार्य, आदिवासी विकास विभाग का 1 कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 26 कार्य और विद्युत विभाग के 14 कार्य शामिल हैं। ये सभी कार्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़े हुए हैं।

वहीं भूमिपूजन के तहत लोक निर्माण विभाग के 22 विकास कार्य शुरू किए जाएंगे, जिनकी लागत सबसे अधिक है। इसके अलावा जल संसाधन विभाग के 3, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 8 और परिवहन विभाग के 2 विकास कार्यों की भी आधारशिला रखी जाएगी।

सरकार का उद्देश्य इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और ग्रामीण विकास से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाना है। सिरपुर महोत्सव के साथ-साथ विकास कार्यों की यह शुरुआत इलाके के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देने वाली मानी जा रही है।