शराब के लिए पैसे नहीं देने पर धारदार हथियार दिखाकर मारपीट, आदतन बदमाश गिरफ्तार

दुर्ग। थाना सुपेला पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर धारदार हथियार दिखाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आदतन बदमाश को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उसके विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 29 जुलाई को थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई कि 28 जुलाई की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले का निवासी राहुल यादव (26 वर्ष) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी तथा धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने प्रार्थी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे रूपचंद रात्रे के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की।

शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1073/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 119 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के कारण हुई। आरोपी पहले से आदतन बदमाश है, जिसके चलते उसके विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह, पीएसआई अक्षय साहू, प्रधान आरक्षक अभय शुक्ला तथा आरक्षक धर्मेन्द्र सूर्यवंशी की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की मारपीट, धमकी या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।