पंडरिया। दीपावली महापर्व की शुरुआत के साथ ही शुक्रवार को धनतेरस के पावन अवसर पर पंडरिया नगर के बाजारों में अभूतपूर्व रौनक और उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न सामग्रियों की दुकानें सज-धजकर तैयार थीं, जहां देर रात तक ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ती रही।
दुल्हन की तरह सजे बाजार और मंदिर
धनतेरस के इस विशेष पर्व के लिए व्यापारियों ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर रखी थीं। दुकानों के बाहर आकर्षक टेंट और स्वागत गेट बनाए गए थे, वहीं पूरी बाजार पट्टी और व्यावसायिक भवनों को रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से बेहद खूबसूरत ढंग से रोशन किया गया था। त्योहार के मद्देनजर नगर के प्रमुख मंदिरों में भी विशेष साफ-सफाई की गई और उन्हें आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया, जिससे पूरा शहर उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया।
ज्वेलरी, बर्तन और कपड़ों की दुकानों में उमड़ी भीड़
बाजार खुलते ही सुबह से ही सराफा (ज्वेलरी) बाजार, बर्तन दुकानों और कपड़ों के शोरूम में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। हिंदू परंपरा के अनुसार धनतेरस पर धातु खरीदना शुभ माना जाता है, जिसके चलते बर्तनों और सोने-चांदी के सिक्कों व गहनों की जमकर खरीदारी हुई। इसके अलावा, दीपावली पूजन के लिए मिट्टी के दीये, मोमबत्ती, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और अन्य आवश्यक पूजन सामग्रियों की दुकानें भी सुबह से सजी रहीं, जहां लोगों ने उत्साह के साथ खरीदारी की।


भीड़ के चलते गांधी चौक से हरिनाला तक लगा रहा जाम
त्योहार के उत्साह और खरीदारों की भारी भीड़ के कारण नगर की यातायात व्यवस्था पर भी असर देखने को मिला। गांधी चौक से लेकर हरिनाला मार्ग तक दिनभर में कई बार वाहनों के पहिए थमे और राहगीरों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा। हालांकि, जाम के बावजूद लोगों और व्यापारियों के चेहरे पर त्योहार की खुशी साफ झलक रही थी।






