अकतई में खेत में भीषण आग, दमकल की देरी से बढ़ी परेशानी


पाटन।
ग्राम पंचायत अकतई में आज दोपहर करीब 2:53 बजे अचानक खेत (परावत) में आग लग गई। आग किसान गंगाधर साहू के खेत में लगी, जो देखते ही देखते फैलने लगी और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घटना के समय पाटन में फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण दुर्ग से दमकल वाहन बुलाना पड़ा। दमकल की गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, तब तक किसान और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने खेतों में उपयोग होने वाले स्प्रे पंप और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग को नियंत्रित करने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जनपद पंचायत पाटन में ही फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध होती, तो आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था और नुकसान को कम किया जा सकता था।