पाटन। नगर पंचायत पाटन द्वारा बठेना रोड स्थित विकसित किए गए कृष्ण कुंज में बीती रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से कई हरे-भरे बड़े पेड़ और वनस्पतियां जलकर नष्ट हो गईं, जिससे पर्यावरण को भारी क्षति पहुंची है।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग देर रात लगी और देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी असामाजिक तत्व द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। आग से कृष्ण कुंज का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है तथा वर्षों से विकसित हरियाली को नुकसान पहुंचा है।
कृष्ण कुंज नगर पंचायत पाटन द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया था। आगजनी की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने कृष्ण कुंज की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।






