पाटन तहसील के सभी कोटवारों की हुई बैठक, धान के रकबे का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश

पाटन। तहसील कार्यालय पाटन में तहसील क्षेत्र के सभी ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार मनोज गुप्ता एवं नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी ने कोटवारों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।

बैठक में अधिकारियों ने कोटवारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने गांवों में किसानों के सतत संपर्क में रहें। किसानों के धान के रकबे में किसी प्रकार की वृद्धि अथवा कमी होने पर संबंधित किसान से संपर्क कर इसकी जानकारी तहसीलदार को दें, ताकि राजस्व अभिलेखों एवं वास्तविक स्थिति का मिलान किया जा सके।

अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि जिन खेतों में धान के स्थान पर अन्य फसल लगाई गई है, उनका मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन कराया जाए। यह सत्यापन ग्राम कोटवार, राजस्व निरीक्षक (आरआई) एवं कार्यरत पटवारी की उपस्थिति में किया जाएगा। अधिकारियों ने शासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने तथा सत्यापन कार्य में राजस्व विभाग का सहयोग करने को कहा।