नगर पालिका परिषद पंडरिया में सफाई मित्रों के लिए वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

पंडरिया-सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत नगर पालिका परिषद पंडरिया द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सफाई कर्मचारियों की सेहत का ध्यान रखना और उन्हें कार्य के दौरान होने वाले संभावित स्वास्थ्य जोखिमों से बचाना था।
शिविर के दौरान विशेषज्ञों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीम द्वारा सफाई मित्रों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें उनके ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन और अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई। जांच के उपरांत डॉक्टरों ने उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, निशुल्क दवाएं और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की। साथ ही सफाई मित्रों को मौसम परिवर्तन के दौरान होने वाले संक्रमणों से बचाव के उपाय भी बताए गए।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, क्षेत्रीय परियोजना प्रबंधक एवं जिला समन्वयक सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सफाई मित्रों को संबोधित करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा, “सफाई मित्र हमारे नगर की रीढ़ की हड्डी हैं। उनका स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने सफाई मित्रों से अपील की कि वे अपने दैनिक स्वच्छता कार्य के दौरान मास्क, ग्लव्स और बूट्स जैसे सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि वे बीमारियों के प्रभाव से बचे रहें।
आयोजन के दौरान सफाई मित्रों ने अत्यधिक उत्साह और खुशी के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन द्वारा की गई इस संवेदनशील पहल की सराहना की। नगर पालिका प्रशासन ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के कल्याण के लिए भविष्य में भी समय-समय पर इस तरह की स्वास्थ्य जांच, जागरूकता शिविरों एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का निरंतर आयोजन किया जाता रहेगा।