
पाटन। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति और लंबित मांगों को लेकर अब नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आगामी 24 अगस्त को नगर पालिका परिषद अमलेश्वर कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी। आज पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज मोनू साहू के नेतृत्व में एस डी एम पाटन उत्तम कुमार ध्रुव को ज्ञापन सौंपा।

नागरिकों की ओर से दिए गए पत्र में बताया गया है कि नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक 4 जून 2026 को विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इन मामलों पर 2 से 3 दिनों में जवाब उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

ज्ञापन में वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के आय-व्यय की जानकारी सार्वजनिक करने, अवैध प्लाटिंग का विवरण देने और नगर पालिका क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध अतिक्रमण की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके अलावा बिजली खंभों पर खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने, शासकीय मोटर पंपों में लगी नलों की मरम्मत कराने और अमलेश्वर पुल से सांकरा पहुंच मार्ग स्थित मेन रोड पर स्ट्रीट लाइट चालू कराने की मांग भी उठाई गई है।

बारिश के मौसम में नगर पालिका क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में जलभराव की समस्या को लेकर भी नागरिकों ने नाराजगी जताई है। पत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा अमलेश्वर क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों से मवेशियों को हटाने की मांग की गई है। साथ ही वर्ष 2026-27 का अनुमानित बजट प्रस्तुत करने की मांग भी रखी गई है।
नागरिकों ने पत्र के माध्यम से नगर पालिका प्रशासन से तीन दिवस के भीतर सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने और जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इन मांगों पर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है।
ज्ञापन सौंपने वालों में पालिका उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू, सहित कई पार्षद शामिल है।






