विद्यालय परिसर में सामूहिक पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश…जनप्रतिनिधियों, एसएमसी सदस्यों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने किया पौधरोपण

पण्डरिया।पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संकल्प को साकार करते हुए शासकीय प्राथमिक शाला केशलीगोड़ान के विद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई तथा पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत केशलीगोड़ान के सचिव रामकिर्तन यादव, सरपंच प्रतिनिधि अंतुराम पटेल, रोजगार सहायक सरोज कुमार पटेल, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम पटेल, एसएमसी सदस्य खेलू पटेल, पंच गणेश धुर्वे, खेल प्रशिक्षक तुलसी धुर्वे, शिक्षक सत्येन्द्र नाथ प्रताप सिंह, शिक्षिका लता चांदसे, प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे ने बताया कि विद्यालय परिसर को हराभरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से समय-समय पर पौधरोपण एवं संरक्षण अभियान चलाया जाता है। विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाते हुए पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। यह पहल विद्यालय परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाने के साथ-साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रयास है।