भिलाई । पत्नी के साथ मुरमुंदा से अपने घर नारधा जा रहे एक अधेड़ को एक तेज रफ्तार बाइक ने ठोकर मार दी। हादसे में अधेड़ व्यक्ति के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी सुरक्षित थी। कुम्हारी पुलिस ने मृतक के बेटे प्रेमलाल खुटेल की शिकायत पर आरोपित बाइक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि ग्राम नारधा निवासी शिव कुमार खुटेल (50) पत्नी कस्तूरी खुटेल के साथ पैदल ग्राम मुरमुंदा से नारधा जा रहा था। रास्ते में ग्राम चेटुवा में एल्युमिनियम कंपनी के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने शिव कुमार को ठोकर मार दी। बाइक की ठोकर लगने से वह सड़क पर गिरा और उसके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी को कोई चोट नहीं लगी। मृतक के बेटे प्रेमलाल खुटेल को घटना की जानकारी लगी तो वह मौके पर पहुंचा और पिता के शव को चीरघर में रखवाया। बेटे ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।







