उतई थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर में रहने वाली नाबालिक लड़की लापता, छह दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग, परिजनों की चिंता बढ़ी

पाटन।
पाटन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अचानकपुर से एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की पिछले छह दिनों से लापता है। इस मामले में परिजनों की शिकायत पर उतई थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन अब तक लड़की का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लापता लड़की कक्षा आठवीं की छात्रा है और ग्राम अचानकपुर की निवासी है। परिजनों के मुताबिक वह छह दिन पहले घर से निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने उतई थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
लड़की के पिता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।
फिलहाल छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।