पाटन।।जहां एक ओर पूरा देश मदर्स डे पर मां के त्याग, ममता और प्रेम को याद कर रहा है, वहीं दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर में एक मां की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। अपनी 13 वर्षीय बेटी के दो माह से लापता होने के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हर गुजरते दिन के साथ उसकी उम्मीद कमजोर पड़ रही है, लेकिन आज भी उसे भरोसा है कि उसकी बेटी एक दिन वापस जरूर लौटेगी।
मामला उतई थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर का है, जहां लापता छात्रा के पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार छात्रा एक युवक के साथ गई होने की आशंका है। परिवार का कहना है कि छात्रा की सहेली और युवक का एक दोस्त भी इस पूरे मामले की जानकारी रखते हैं। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में भी छात्रा दिखाई देने की बात सामने आई है।
परिजनों ने बताया कि पुलिस ने संदेह के आधार पर युवक के पिता और भाई से पूछताछ भी की, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बेटी की तलाश में परिवार दर-दर भटक रहा है।
मदर्स डे के दिन मां बार-बार अपनी बेटी की तस्वीर को देखकर फूट-फूटकर रो पड़ती है। मां का कहना है कि “हर दिन लगता है कि मेरी बेटी दरवाजा खोलकर अंदर आएगी, लेकिन इंतजार खत्म ही नहीं हो रहा।”
गांव में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले में तेजी लाकर जल्द से जल्द छात्रा को खोजने की मांग की है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दो माह से लापता छात्रा कहां है और कब तक परिवार को उसकी खबर मिल पाएगी।







