सिहावा–नगरी–बेलरगाँव:- क्षेत्रीय राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी–छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा सिहावा अंचल में संगठन के विस्तार को लेकर 15 जुलाई (बुधवार) को शीतला माता मंदिर प्रांगण, सिहावा में कार्यकारिणी विस्तार एवं सघन सदस्यता अभियान की रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में आयोजित होगी।

बैठक की तैयारी को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता चन्द्र कुमार मरकाम एवं पूनम प्रजापति के नेतृत्व में क्षेत्रभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में बैठक में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है।

संगठन छत्तीसगढ़ की जमीनी समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहा है तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों में अनेक जनआंदोलनों और सामाजिक मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभा चुका है। अब सिहावा–नगरी क्षेत्र में भी संगठन जनता के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में है।

इस अवसर पर चन्द्र कुमार मरकाम ने कहा कि वर्षों से क्षेत्र की जनता विकास के नाम पर केवल आश्वासन ही सुनती आई है। राष्ट्रीय दलों की उपेक्षा के कारण आज भी ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए एक मजबूत क्षेत्रीय राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, लेकिन शासन और प्रशासन दोनों ही उदासीन बने हुए हैं। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव के कारण ग्रामीण बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं रोजगार के अवसर न होने से युवा निराशा का सामना कर रहे हैं।
संगठन ने स्पष्ट किया कि सड़क, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, पेयजल और जनहित से जुड़े अन्य मूलभूत मुद्दों को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा तथा जनता की आवाज को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुँचाया जाएगा।
15 जुलाई को आयोजित होने वाली बैठक को संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान नई कार्यकारिणी के गठन, सदस्यता अभियान की रूपरेखा और आगामी जनआंदोलनों की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।






