पाटन। पाटन नगर की पेयजल आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन सिकोला के पास क्षतिग्रस्त हो जाने से नगर में जलापूर्ति प्रभावित हो गई है। पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन इसमें समय लगने के कारण 5 जुलाई को पाटन नगर में पानी की सप्लाई बाधित रह सकती है।

जानकारी के अनुसार खारुन नदी के टोला घाट से पानी सिकोला होते हुए मुख्य पाइपलाइन के माध्यम से पाटन नगर तक पहुंचाया जाता है। शनिवार दोपहर अचानक पाइपलाइन में खराबी आने की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) हेमंत देवांगन, पार्षद देवेंद्र ठाकुर सहित अन्य पार्षद एवं नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। नगर पंचायत की ओर से बताया गया कि पाइपलाइन की मरम्मत में पर्याप्त समय लगने की संभावना है। ऐसे में 5 जुलाई को पाटन नगर की जलापूर्ति बाधित रह सकती है। नगर पंचायत ने नागरिकों से आवश्यकतानुसार पहले से पानी का संग्रह कर सहयोग करने की अपील की है।






