जामगांव आर ।शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर) के वाणिज्य विभाग द्वारा विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वित्तीय साक्षरता पर ऑनलाइन क्विज का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेबी फाइनेंस अकादमी दुर्ग के ट्रेवस चौहान के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ। इस क्विज में वाणिज्य, कला एवं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आबिद हसन खान एवं श्रीमती चेतना सोनी ने नोडल अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आयोजन का सफल संचालन किया।
इसके अतिरिक्त, 15 मार्च को उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर वाणिज्य विभाग के विद्यार्थियों द्वारा उपभोक्ता अधिकारों पर एक परिचर्चा आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को सेवा एवं वस्तुओं से संबंधित उपभोक्ता अधिकार, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम तथा शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें यह भी बताया गया कि वस्तुओं की खरीद के समय वे अपने अधिकारों का किस प्रकार प्रभावी उपयोग कर सकते हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता पर समस्त आयोजकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता के सिद्धांतों का पालन करते हुए भविष्य में पूंजी संचय कर सफल व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया तथा उपभोक्ता अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






