बसंत पंचमी पर अहिवारा में सस्वर मानस गान समारोह संपन्न
माँ संतोषी मंदिर स्थापना दिवस व सरस्वती जयंती पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब


अहिवारा।
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर अहिवारा नगर स्थित माँ संतोषी मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को मंदिर स्थापना दिवस एवं माँ सरस्वती जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सस्वर मानस गान एवं सांस्कृतिक समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह स्थानीय मानस मंडली के सस्वर मानस गान से हुई। इसके पश्चात माँ भारती मानस मंडली (ग्राम जुगदेही, जिला धमतरी), जय भवानी महिला मानस मंडली (कुर्रा, भखारा), जस जागृति जस बईहा झांकी परिवार (मावलीभांठा, जिला बेमेतरा) ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर कर दिया।
शाम के सत्र में धरोहर पण्डवानी पार्टी की प्रसिद्ध गायिका इंस्पेक्टर तरुना साहू (राजनांदगांव) की प्रस्तुति ने विशेष आकर्षण पैदा किया। इसके बाद जय छत्तीसगढ़ बालक रामधुनी मंडली (देवरी, भखारा) ने भक्ति रस की धारा प्रवाहित की।
लोकगाथा भरथरी की सुप्रसिद्ध गायिका रेखा देवी जलक्षत्रिय की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक कला मंच छत्तीसगढ़ के अंगना, मांढर (रायपुर) द्वारा दी गई प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
आयोजन को सफल बनाने में माँ संतोषी मंदिर समिति, शिव शक्ति मानस मंडली सेवा समिति, जय शीतला सेवा समिति, हरि ओम मानस एवं श्रद्धा जगराता मंडली, बजरंग मानस मंडली, किंकर मानस मंडली (टाउनशिप नंदिनी नगर), राधिका मानस मंडली, जय संतोषी महिला मानस मंडली, एकता मानस मंडली एवं जय माँ दुर्गा महिला मानस मंडली का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने समस्त कलाकारों, सहयोगियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।