विकास खंड के वनाँचल में स्थित ग्राम बदना में हुआ संकुल एवं शाला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन


पंडरिया-स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 24 जून को संकुल केंद्र बदना में संकुल एवं शाला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बदना में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवीन विद्यार्थियों का विद्यालय में स्वागत करना, शत-प्रतिशत नामांकन को बढ़ावा देना तथा पालकों एवं समुदाय को शिक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रमिहा रमेश मरावी जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 2, उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता शंकर लाल यादव सरपंच ग्राम पंचायत बदना द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में बिन्दा पनागर सरपंच ग्राम पंचायत बिरहुलडीह , अशोक मरावी एवं ग्राम पंचायत बदना के पंचगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्वागत तिलक के माध्यम से स्वागत किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
संकुल समन्वयक चंद्रप्रकाश राजपूत द्वारा शाला प्रवेश उत्सव के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा के अधिकार, नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए गए। इसके पश्चात नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर, केला एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, पेन, कॉपी वितरित की गई तथा उन्हें नियमित अध्ययन हेतु प्रेरित किया गया। अशोक मरावी के द्वारा भी सभी नव प्रवेशी बच्चों को कॉपी पेन वितरित किया गया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री मरावी एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, नियमित विद्यालय आने तथा अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। पालकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने एवं उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणजनों, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा के प्रसार एवं शत-प्रतिशत नामांकन के लिए सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को आकर्षक एवं प्रेरणादायक बनाया।


कार्यक्रम के पूर्व स्व सहायता समूह बदना के द्वारा बच्चों को न्योता भोज कराया गया। जिसमें बच्चों को खीर पूरी एवं आलू मटर की सब्जी परोसा गया।
अंत में संकुल समन्वयक द्वारा सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, ग्रामीणजनों, शिक्षकगणों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान संकुल केंद्र बदना के प्रधान पाठक राधा धुर्वे, राजर्षि पाण्डेय, रामप्यारी परस्ते, सतन कुमार मरावी, छोटेलाल मार्को, जीवराखन सिंह धुर्वे, रामकुमार बघेल एवं शिक्षक नेमसिंह वर्मा, अशोक कुमार बंछोर, ब्रजेश सेन, लेखराम चंद्राकर, श्याम ध्रुव, इंद्र कुमार कंवर, रामायण जांगड़े, विक्रम जांगड़े, वीरेंद्र मरावी, ईश्वर प्रसाद चेलक, विनोद कुमार चंद्रवंशी एवं छात्र -छात्राएं उपस्थित रहे।