मतदाता सूची में छूटे नामों को जोड़ने चलेगा विशेष अभियान, पाटन में सुपरवाइजर और बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण, एक माह में पूरा होगा अभियान, घर-घर जाकर मतदाताओं का होगा सत्यापन

पाटन। निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम पाटन में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 62-पाटन के सभी सुपरवाइजरों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण दिया गया। अभियान के तहत पूर्व की मतदाता सूची में शामिल रहे, लेकिन वर्तमान सूची में नाम नहीं होने वाले मतदाताओं की पहचान कर उनका घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम श्री नीर निधि नन्देहा, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार श्री मनोज गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डालेन्द्र कुमार देवांगन तथा सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री प्रदीप कुमार महिलांगे उपस्थित रहे। प्रशिक्षक पीएल सिन्हा, प्राचार्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कन्या पाटन, एवं शिक्षक मोहित शर्मा ने अभियान की प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।

घर-घर जाकर करेंगे मतदाताओं का सत्यापन

प्रशिक्षण में बताया गया कि बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची की तुलना एसआईआर से पूर्व की मतदाता सूची से करेंगे। इस दौरान ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। संबंधित मतदाताओं की वर्तमान स्थिति जानने के लिए घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों को प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की सुविधा दी जाएगी।

अभियान को एक माह में पूरा करने के लिए प्रत्येक बीएलओ को प्रति सप्ताह कम से कम 20 से 25 मतदाताओं का लक्ष्य लेकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। बीएलओ को अपनी तैयार सूची में प्रत्येक मतदाता की वर्तमान स्थिति दर्ज करने तथा जिनके लिए प्रपत्र-6 भरा जा चुका है, उन्हें अलग से चिह्नित करने को कहा गया।

युवा और नए मतदाताओं के पंजीयन पर जोर

घर-घर सर्वे के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र व्यक्तियों और पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं का पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए प्रपत्र-6 भरवाया जाएगा। बीएलओ द्वारा तैयार सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा किया जाएगा, ताकि सूची में छूटे मतदाताओं की पहचान में सहयोग मिल सके।

बीएलओ आवेदन पत्रों और क्षेत्र सत्यापन रिपोर्ट को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के साथ साझा करेंगे। इसके बाद लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 तथा निर्वाचकों का पंजीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने पर मतदान केंद्रवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जाएगी, जिससे छूटे हुए पात्र मतदाताओं को अपना नाम जुड़वाने का अवसर मिल सके।

विशेष शिविरों के माध्यम से भी होगा पंजीयन

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा रैन बसेरों, मजदूर कॉलोनियों तथा बेघर, वंचित एवं हाशिए पर रहने वाले लोगों के पंजीयन के लिए भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

स्कूलों में भी चलेगी नाम जोड़ने की प्रक्रिया

एसडीएम श्री नीर निधि नन्देहा ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों में गठित निर्वाचक साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए। प्रत्येक हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल में एक शिक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त कर अक्टूबर 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार की जाए तथा पात्र विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रशिक्षण के बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने सुपरवाइजरों एवं बीएलओ से चर्चा कर उनकी समस्याओं और प्रश्नों का समाधान किया। सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने अभियान को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने एसडीएम, तहसीलदार सहित सभी सुपरवाइजरों एवं बीएलओ के प्रति आभार व्यक्त किया।