शिक्षक की अनुशासन हीनता : महिला शिक्षिका का वीडियो बनाने एवं हारमोनियम बजाने पर निलंबन

विज्ञापन


पाटन। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला महुदा के एक शिक्षक और शिक्षिका की अनुशासनहीन हरकतों ने पूरे शिक्षा विभाग में हलचल मचा दी है। संभागीय संयुक्त संचालक आरएल ठाकुर ने तत्काल प्रभाव से दोनों को निलंबित कर दिया है। शिक्षक प्रफुल्ल साहू पर आरोप है कि उन्होंने त्रैमासिक परीक्षा ड्यूटी के दौरान एक छात्र को अपना मोबाइल फोन देकर महिला शिक्षक का वीडियो और फोटो बनवाया। प्रार्थना के समय उस पर उपहासजनक टिप्पणी भी की। इतना ही नहीं, अध्यापन के दौरान आए दिन तेज आवाज में हारमोनियम बजाकर शाला के वातावरण को भी बाधित करने का आरोप है। शिकायत स्कूल प्रशासन तक पहुंची, जिसके बाद दो सदस्यीय जांच दल ने मामले की जांच की। पाया कि प्रफुल्ल साहू के साथ एक अन्य महिला शिक्षक स्टाफ कक्षा छोड़कर अलग कक्ष में बैठती थीं, जिससे शाला का वातावरण दूषित हुआ। इसके अलावा, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के दौरान बच्चों को पर्याप्त और निर्धारित मात्रा में भोजन नहीं दिए जाने की भी शिकायत सामने आई। जांच रिपोर्ट में कहा गया कि इन घटनाओं से न केवल शाला की छवि धूमिल हुई, बल्कि बच्चों के अध्ययन और स्कूल गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ा। अधिकारियों ने इसे शासकीय कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही और कदाचार माना है। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत प्रफुल्ल और संबंधित महिला शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन काल में प्रफुल्ल का मुख्यालय बीईओ कार्यालय, गुंडरदेही और महिला शिक्षक का मुख्यालय शासकीय उच्चतर विद्यालय, धमधा निर्धारित किया गया है। दोनों निलंबन काल में जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करेंगें ।