पाटन। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के तहत पाटन नगर पंचायत क्षेत्र में 18 से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय विशेष पंजीयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक है।

शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए नए पंजीयन, त्रुटि सुधार और समस्याओं के त्वरित निराकरण की सुविधा मिलेगी। आयुष्मान भारत, आयुष्मान वंदना, पीएम सूर्यघर, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
यह शिविर नगर पंचायत पाटन स्थित डॉ. खूबचंद बघेल सामुदायिक भवन अटारी में आयोजित होगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं 18 जून को अमलेश्वर नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती प्रीति गुप्ता, 19 जून को जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जागृत साहू तथा 20 जून को नगर पंचायत पाटन के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री हेमंत वर्मा सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी निभाएंगे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने और आवश्यक पंजीयन कार्य कराने की अपील की है।






