भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (Bhilai Steel Plant) के जनसंपर्क विभाग द्वारा वन्यजीव और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक विशेष कला उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सिविक सेंटर, इंदिरा प्लेस स्थित प्रसिद्ध नेहरू आर्ट गैलरी में छायाकार कमलेश कुमार वर्मा द्वारा खींचे गए “वन्यजीवन के छायाचित्रों के संग्रह की एकल प्रदर्शनी” का भव्य उद्घाटन आज, 22 अक्टूबर 2026 को शाम 5:00 बजे होने जा रहा है।

इस तीन दिवसीय विशिष्ट प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) श्री अनुराग उपाध्याय उपस्थित रहेंगे।
यह प्रदर्शनी 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2026 तक आम जनता के अवलोकनार्थ खुली रहेगी। प्रकृति, वन्यजीव और फोटोग्राफी के प्रति रुचि रखने वाले नागरिक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक नेहरू आर्ट गैलरी, इंदिरा प्लेस (सिविक सेंटर) में आकर इन अद्भुत कलाकृतियों को देख सकते हैं।
भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग ने भिलाई और आसपास के समस्त नागरिकों, कला-समीक्षकों तथा छायाचित्र प्रेमियों को इस गरिमामयी उद्घाटन समारोह एवं प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है।





