ट्रैक्टर बिजली खंभा से टकराई, खंभा से चिंगारी उठी, जान बचाकर भागे मजदूर, बड़ा हादसा टला, पाटन ब्लॉक के इस गांव का मामला

पाटन ब्लॉक के ग्राम खर्रा में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और तेज चिंगारी के साथ पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद हो गई।
घटना के समय आसपास मौजूद लोग और पास में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। करंट फैलने के खतरे को देखते हुए मजदूर अपनी जान बचाकर भागते नजर आए, इस दौरान कुछ मजदूर गिरते-पड़ते भी दिखे।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। यह घटना ग्राम खर्रा में जगदीश साहू के घर के पास लगे बिजली पोल की है, जो टक्कर के बाद टूट गया।
घटना के बाद से इलाके में अब तक बिजली आपूर्ति बाधित है। स्थानीय लोगों द्वारा बिजली विभाग को सूचना दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सुधार कार्य शुरू नहीं हो पाया था।
फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।