पाटन।
दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम गोड़पेंडरी में दो दिवसीय फाग प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और पारंपरिक माहौल के बीच किया गया। इस आयोजन में प्रदेश की कई नामचीन फाग गीत मंडलियों ने भाग लेकर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक फाग गीतों की प्रस्तुति से पूरा गांव भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने देर रात तक फाग गीतों का आनंद लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम “रंग छत्तीसा” का भी आयोजन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी बलराम यादव शामिल हुए। कार्यक्रम में विशेष रूप से सरपंच तोरण साहू, उपसरपंच पप्पू गायकवाड़, दूज राम निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवयुवक मंडली द्वारा अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली फाग मंडलियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।







