शासकीय चंदूलाल चंद्राकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पाटन जिला- दुर्ग के समाज कार्य विभाग (M.S.W.) के विद्यार्थियों द्वारा ग्राम पंचायत चीचा में नशा मुक्ति के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नंदा गुरवारा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिनके नेतृत्व एवं प्रेरणा से विद्यार्थियों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की पहल की। यह कार्यक्रम स्थानीय ग्राम पंचायत के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें गांव की सरपंच श्रीमती मीनाक्षी पंकज चंद्राकर जी की विशेष सहभागिता रही l
अभियान की शुरुआत नशा विरोधी रैली से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने “जब नशे का नाश होगा — तब देश का विकास होगा” “टी.बी. कैंसर मौत की सीढ़ी — बंद करो यह सिगरेट बीड़ी” जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इसके पश्चात गांव के प्रमुख चौराहों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों को नाट्य रूप में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। ग्रामीणों ने इस प्रस्तुति को गंभीरता से देखा और विद्यार्थियों द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की।
विद्यार्थियों ने डोर-टू-डोर कैंपेन के माध्यम से घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया, और उन्हें नशे से दूर रहने की अपील की। इस जनसंपर्क अभियान ने ग्रामीणों पर सकारात्मक प्रभाव डाला।
इस कार्यक्रम का सफल आयोजन महाविद्यालय के आई.क्यू.ए.सी विभाग की प्रमुख डॉ. अरुणा साव जी के निर्देशन में किया गया l कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में समाज कार्य विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री राहुल चौधरी, श्री अभिषेक वर्मा एवं एम.एस.डब्ल्यू. के विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा l





