पंडरिया।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री के जयंती के अवसर पर ग्राम पौनी में ‘सेवा मेरा योगदान अभियान’ के अंतर्गत विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता, सेवा, श्रमदान एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश देते हुए ग्राम के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।अभियान के तहत शासकीय प्राथमिक शाला पौनी, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, बच्चों एवं ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक खोरबाहरा राम यादव ‘सियान’ का विशेष सम्मान किया गया। सरपंच प्रतिनिधि रवि साहू ने उन्हें गुलाल लगाकर सम्मानित करते हुए उनके अनुभव, योगदान और सामाजिक भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया। वृद्धजनों के सम्मान की यह पहल कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
वहीं शासकीय प्राथमिक शाला पौनी के प्रधानपाठक वासुदेव सिंह द्वारा उपस्थित लोगों एवं बच्चों को ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत स्वच्छता की प्रतिज्ञा दिलाई गई। सभी ने स्वच्छता बनाए रखने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया।





