पाटन।छत्तीसगढ़ पर्यावरण मित्र समिति द्वारा विगत 13 वर्षों से मिट्टी की बनी इको फ्रेंडली श्री गणेश जी की मूर्ति स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय पहल किया जा रहा है । इस वर्ष छत्तीसगढ़ पर्यावरण मित्र समिति द्वारा शिव पार्क कॉलोनी नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में चार इंच की इको फ्रेंडली श्री गणेश जी की स्थापना की गई है जिसे पूरे विधि विधान से हवन पूजन के पश्चात दिनांक 25 सितंबर दिन शुक्रवार अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर टब में विसर्जन किया जाएगा । छत्तीसगढ़ पर्यावरण मित्र समिति के वरिष्ठ सलाहकार ललित कुमार बिजौरा ने बताया कि मिट्टी की छोटी प्रतिमाएं स्थापित करने से प्रदूषण को कम किया जा सकता है । मिट्टी के श्री गणेश जी की मूर्ति पर्यावरण के लिए पूरी तरह सुरक्षित और प्राकृतिक होती है। मिट्टी की मूर्ति पानी में आसानी से घुल जाती है और वापस प्रकृति में मिल जाती है । छत्तीसगढ़ पर्यावरण मित्र समिति के वरिष्ठ सलाहकार ललित कुमार बिजौरा एवं अध्यक्ष डॉ.अश्वनी साहू ने बताया कि स्वच्छ पर्यावरण हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है और यह जन जागरण अभियान सतत् जारी रहेगा ।







