पाटन। ब्लॉक के ग्राम कुम्हली से पंचायत व्यवस्था से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। जहां पंचायत की बैठक के दौरान उपस्थित ग्राम पंचायत सचिव पर एक पंच द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा है।मिली जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर पंचायत की बैठक में मौजूद थे। इसी दौरान एक पंच मोगन द्वारा उनके साथ मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई। घटना के बाद पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर ने जामगांव आर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, इस घटना को लेकर पंचायत सचिव संघ पाटन ने भी कड़ा रुख अपनाया है। संघ के पदाधिकारियों ने घटना में शामिल पंच के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए एसडीएम पाटन, जनपद पंचायत के सीईओ और एसडीओपी पाटन को ज्ञापन सौंपा है। पंचायत सचिव संघ ने पंचायत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस और प्रशासन क्या कार्रवाई करते हैं।







