पाटन।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।
उतई थाना क्षेत्र के गोडपेंडरी के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक अपनी नानी के साथ दुर्ग से गरियाबंद जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रेलिंग से जा टकराई। युवक ने घायल अवस्था में बताया कि उसे अचानक झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला, घायल युवक की नानी बताई जा रही है।
घटना के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके पैर में गंभीर चोट आई है और उसका इलाज जारी है।
वहीं, इस घटना के बाद एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि मौके पर 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। काफी देर इंतजार के बाद 112 वाहन के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।







