पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को खेत में काम करने के बाद घर लौट रही एक महिला को अज्ञात आरोपी ने चाकू दिखाकर लूट लिया। आरोपी महिला के गले से सोने की चेन खींचकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार झीट निवासी महिला खेत से काम कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान झीट से खड्मुड़ी मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास अज्ञात आरोपी ने महिला को रोककर चाकू दिखाया और उसके गले में पहनी सोने की चेन खींच ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ने मामले की सूचना अमलेश्वर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

एक ही रात में चोरी की दूसरी वारदात
इस घटना को लेकर ग्रामीणों में चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि इसी मंगलवार की रात झीट के बाजार चौक स्थित त्रिलोक मोबाइल शॉप में भी चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोर ने दुकान का शटर/ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
एक ही दिन क्षेत्र में महिला से चाकू की नोक पर लूट और रात में मोबाइल दुकान में चोरी की घटना सामने आने के बाद अब पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर नाराजगी और चिंता दोनों देखी जा रही है।
फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है। पुलिस की जांच के बाद ही लूटे गए सोने की चेन की कीमत और मोबाइल दुकान से चोरी हुए सामान की वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी।






