पाटन थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने लिफ्ट देने के बहाने एक महिला से लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला को बाइक पर बैठाकर गांव के बाहर छोड़ा और मौका पाकर उसकी नकदी व जरूरी दस्तावेज छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, तरीघाट निवासी रेवती बाई कुर्रे ने पाटन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 27 मार्च की दोपहर वह पाटन स्थित इंडियन बैंक से 4 हजार रुपए निकालकर घर लौटने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान
बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन्हें आगे छोड़ने की बात कही। भरोसा कर वह उनके साथ बाइक पर बैठ गईं। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर आरोपियों ने उनसे 50 रुपए लेकर पेट्रोल भी भरवाया। शाम करीब 6.30 बजे वे ग्राम तरीघाट स्थित देवेंद्र सिन्हा के कृषि केंद्र के पास पहुंचे। वहां महिला जैसे ही बाइक से उतरी, चालक युवक बाइक छोड़कर आगे बढ़ गया और पीछे बैठे युवक ने उनसे पैसे मांगने शुरू कर दिए। जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने उनके हाथ में पकड़ी पॉलीथिन झपटकर छीन ली। बैग में 4 हजार रुपए नकद के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड और बैंक पासबुक रखी थी।






