कर्ज में दबे युवक ने की आत्महत्या, जहर खुरानी के बाद अस्पताल ले जा रहे एम्बुलेंस रास्ते में हो गई पंचर, विलंब से पहुंचे अस्पताल, पढ़िए पूरी खबर

जशपुर। जिले के बगीचा विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुघरी में कर्ज से परेशान 30 वर्षीय एक युवक ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है।घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची,पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम छः बजे की है।जब मृतक अमीर राम पिता फूलचंद अपने घर में था।अचानक उसे उल्टियां शुरु हो गईं और उसके मुंह से झाग निकलने लगा।मृतक के पिता फूलचंद ने सबसे पहले इसे देखा और एम्बुलेंस को फोन करके मदद की गुहार लगाई।एम्बुलेंस आते ही युवक को गंभीर हालत में बगीचा अस्पताल लाया गया।रास्ते में एम्बुलेंस पंचर होने के कारण मृतक रात्रिं 9 बजे के आसपास बगीचा अस्पताल पंहुचा जहां लगभग एक घंटे के ईलाज के बाद युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक के पिता फूलचंद ने बताया कि उसके बेटे पर लगभग एक लाख पांच हजार का कर्ज था जिसको लेकर वह काफी परेशान था।उन्होंने बताया कि अलग अलग समूहों से बीस हजार,पैंतीस हजार व पचपन हजार के कर्ज तले वह दबा हुआ था।जिसकी वसूली के लिए समूह के लोग उसे रोजाना परेशान कर रहे थे।पिछले दो दिन पहले भी समूह के द्वारा कर्ज की वसूली के लिए उसपर दबाव बनाया गया था।तब से वह मानसिक रुप से प्रताड़ित हो रहा था।

मृतक अमीर राम के पिता ने बताया कि अमीर शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं और बांस का काम करके अपना जीवन यापन करते हैं।कई बार कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने भी अमीर की मदद की है।इस बार कर्ज की राशि अधिक होने के कारण वे उसकी मदद नहीं कर पाए।

बगीचा पुलिस मामले में मर्ग कायम कर विवेचना में जुटी हुई है।डॉ नीरज गुप्ता व डॉ अमोल सिंह के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।डॉ नीरज ने बताया कि पीएम के दौरान प्रथम दृष्टया शरीर में जहर के अंश पाए गए हैं।बिसरा जांच के बाद विस्तृत जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंपने की बात उन्होंने कही है।

बगीचा टीआई एसके सोनवानी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।कर्ज को लेकर जांच की जा रही है।