पाटन। रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम ओदरागहन में बुधवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान पोखन साहू (35 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, फांसी लगाने से पहले पोखन साहू ने गांव के एक युवक को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। फोन मिलते ही उक्त युवक तत्काल पोखन के घर पहुंचा और उसे अस्पताल ले जाया गया। पाटन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि 6 सितंबर को पोखन साहू शराब के नशे में अपनी पत्नी और पिता से विवाद कर रहा था। इस दौरान वह धारदार हथियार लेकर घूम रहा था। सूचना मिलने पर रानीतराई पुलिस उसे थाने लेकर आई थी। पुलिस द्वारा समझाइश दिए जाने के बाद तथा पोखन द्वारा माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया था।

इसके बाद आज पोखन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







