पाटन। खंभे पर काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। युवक ठेकेदार के माध्यम से बिजली विभाग का कार्य कर रहा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक को तुरंत झीट अस्पताल लाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को अस्पताल से बाहर निकालने से इनकार कर दिया और जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, जिसके चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने तत्काल सहायता राशि देने की बात कही है, लेकिन ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हैं और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तहसीलदार पाटन, ठेकेदार, बिजली विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। प्रशासन ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।







