पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम किकिरमेटा निवासी 22 वर्षीय युवक राहुल चक्रधारी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार दोपहर भिलाई-दुर्ग स्थित आरोग्यम अस्पताल के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां राहुल की बाइक ट्रक की चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का पेट्रोल टैंक फट गया और वाहन में आग लग गई। हादसे में राहुल चक्रधारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बताया गया है कि राहुल भिलाई में रहकर पढ़ाई कर रहा था। साथ ही वह एक निजी अस्पताल में कार्य भी करता था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की माता ग्राम पंचायत में पंच होने के साथ ही क्षेत्र की प्रसिद्ध लोक गायिका हैं, जबकि उसके पिता खेती-किसानी का कार्य करते हैं। राहुल अपने परिवार का होनहार और जिम्मेदार सदस्य माना जाता था। दुर्घटना की खबर मिलते ही ग्राम किकिरमेटा में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। राहुल की असामयिक मृत्यु से क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।






