आपसी विवाद में रॉड से युवक के सिर पर हमला, अस्पताल में मौत, गंभीर हालत में पाटन अस्पताल लाया गया, डॉक्टर ने किया मृत घोषित, रानी तराई थाना क्षेत्र का मामला

पाटन। रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम असोगा में आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर रॉड से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए पाटन अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान कामता कोसरे के रूप में बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांव के ही एक युवक के साथ उसका विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी युवक ने कथित रूप से रॉड से कामता कोसरे के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसे तत्काल पाटन अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमला करने वाला युवक घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। विवाद के वास्तविक कारणों और घटना की पूरी परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।