पाटन। पाटन क्षेत्र में खारुन नदी के जामराव एनीकेट के पास रविवार को एक युवक नदी की तेज धारा में बह गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।

जानकारी के अनुसार रायपुर के देवपुरी निवासी युवक अपने दोस्तों के साथ रविवार को पिकनिक मनाने जामराव एनीकेट पहुंचा था। इस दौरान वह नदी में नहाने उतरा, तभी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वह देखते ही देखते नदी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर अमलेश्वर पुलिस और एसडीआरएफ के गोताखोरों ने देर रात तक युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह एक बार फिर एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल पाया था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जामराव एनीकेट के पास नदी का बहाव काफी तेज रहता है और यहां पहले भी दो बार इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद लोग बिना पर्याप्त सावधानी के नदी में उतर जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और चेतावनी संबंधी बोर्ड लगाने की मांग की है।






