शादी तय, 12 दिन पहले मिली युवती की जली लाश, 150 मीटर दूर मिला मोबाइल

अंडा। अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम चीचा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी से महज 12 दिन पहले 21 वर्षीय युवती लीलेश्वरी साहू की जली हुई लाश खेत किनारे बरामद की गई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस के बाद परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान लीलेश्वरी साहू के रूप में की। बताया जा रहा है कि युवती की शादी आगामी 1 अप्रैल को होने वाली थी, जिसके लिए घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और रिश्तेदारों को शादी के कार्ड भी बांटे जा चुके थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, साइबर टीम के साथ अर्जुन्दा पुलिस और एएसपी मोनिका ठाकुर भी मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसे साइबर टीम ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। यह मोबाइल इस मामले में अहम सुराग साबित हो सकता है।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, युवती बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। अगले दिन गुरुवार को उसकी लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से मामले की पड़ताल जारी है।