उतई। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम छाटा में ऑनलाइन पेमेंट करने का झांसा देकर करीब 3 हजार रुपये का सामान लेकर तीन युवकों के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में युवकों की तस्वीर के साथ स्कूटी का नंबर भी सामने आया है।


जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब तीन युवक स्कूटी से ग्राम छाटा स्थित गोविंद वर्मा की दुकान पर पहुंचे। युवकों ने दुकान से लगभग 3 हजार रुपये का सामान खरीदा। इसके बाद एक युवक ने ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कहते हुए अपने मोबाइल में पेमेंट का मैसेज दिखाया।

उस समय दुकान में गोविंद वर्मा की बहू मौजूद थीं। उन्होंने युवक से कहा कि वह पेमेंट खाते में आया है या नहीं, चेक करके बताती हैं। इसी दौरान युवक सामान लेकर दुकान से बाहर निकल गए। बाहर पहले से दो युवक स्कूटी चालू कर खड़े थे। तीनों युवक स्कूटी में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

दुकान संचालक ने बताया कि घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज देखने पर युवकों की तस्वीर और स्कूटी का नंबर सामने आया है। मामले की सूचना उतई थाना पुलिस को देकर युवकों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की जाएगी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर जांच किए जाने की उम्मीद है।






