आप का सम्मेलन: रायपुर में गरजे केजरीवाल और भगवंत मान, कहा- बस एकबार ये बटन दबाकर देख लो, बदल जाएगी किस्मत

रायपुर। राजधानी रायपुर में आम आदमी पार्टी यानी आप ने रविवार को अपनी चुनावी सभा कर विधानसभा चुनाव प्रचार का बिगूल फूंक दी है। आप की विधानसभा चुनाव 2023 के लिए एंट्री हो चुकी है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल रायपुर पहुंचने के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए चुनाव बेहद खास है। छत्तीसगढ़ सन् 2000 में बना था। बीजेपी ने यहां 15 साल शासन चलाया, फिर पिछले 4 साल से कांग्रेस सत्ता में है। इन दोनों ही सरकारों ने छत्तीसगढ़ को कुछ नहीं दिया। दोनों के शासन में कुछ फर्क नहीं है। सिर्फ मुख्यमंत्री और नेताओं का चेहरा बदला है, लेकिन लोगों की जिंदगी नहीं संवरी है। व्यवस्था वहीं की वही है। कोई बदलाव नहीं है। 

रायपुर के जोरा में आयोजित आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में तेज धूप के बावजूद लोग दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को सुनने पहुंचे। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अडानी के दोस्त हैं। मैं यहां की जनता से अपील करता हूं कि एक मौका हमें भी देके देखो। हमारा किसी से रिश्ता नहीं है, सिर्फ जनता से रिश्ता है। मुझे पूरी उम्मीद है कि जनता आप का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पंजाब और दिल्ली के अंदर शांत और ईमानदार सरकार है। इसी तरह छत्तीसगढ़ में भी आप की सरकार बनने वाली है।

वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में बिल्कुल वैसे ही सन् 1990 से दो परिवारों का राज रहा रहा। इन दोनों ने पंजाब को जमकर लूटा, माफिया पैदा किए। लोगों के पास कोई विकल्प नहीं था। साल 2014 में हमने पंजाब की तस्वीर बदलने का संकल्प लिया था। उस चुनाव में 4 सांसद थे। फिर हम विपक्ष की भूमिका में आए और अब आप की सरकार है।