अग्निवीर में चयनित अभय मार्कण्डेय को दी गई भावभीनी विदाई

पाटन। ग्राम असोगा निवासी माता रेमन एवं पिता बलि मार्कण्डेय के सुपुत्र अभय मार्कण्डेय के भारतीय सेना के अग्निवीर पद पर चयन होने पर गांव में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद सदस्य रश्मि वर्मा, सरपंच जानकी चोपड़िया एवं उपसरपंच तालेश्वर साहू सहित ग्रामीणों ने अभय को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य रश्मि वर्मा ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि गांव का एक युवा देश सेवा के लिए भारतीय सेना में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभय मार्कण्डेय की सफलता उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है, जो क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

सरपंच जानकी चोपड़िया ने अभय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राष्ट्र सेवा के अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करें तथा अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने अभय के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित सेवा जीवन की कामना की।

इस अवसर पर भेदप्रकाश वर्मा, गिरधारी यदु, राजकुमार, सूर्यकांत वर्मा सहित अभय के मित्रगण, परिजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पमाला पहनाकर एवं शुभकामनाएं देकर अभय का उत्साहवर्धन किया।