पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत औंरी (भाठागांव) में लगातार बढ़ रही पेयजल समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक चतुर्वेदी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधायक भूपेश बघेल से मुलाकात कर आवेदन सौंपा तथा गांव की समस्याओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

मुलाकात के दौरान अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि ग्राम पंचायत औंरी में गर्मी के मौसम में पेयजल संकट गंभीर रूप ले लेता है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई मोहल्लों में पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए गांव में नए बोरवेल निर्माण, पानी टैंकर की व्यवस्था, सार्वजनिक हैंडपंप एवं बोरवेल के पास रिचार्ज पिट और सोखता गड्ढा निर्माण, तालाब गहरीकरण तथा पानी टंकी स्थापना जैसी मांगें रखी गईं।
अभिषेक चतुर्वेदी ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत समस्या का जल्द समाधान होना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभागों को निर्देशित कर आवश्यक कार्यों की शीघ्र स्वीकृति एवं कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आवेदन को गंभीरता से लेते हुए समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक पहल करने एवं संबंधित विभागों से चर्चा कर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था मजबूत करना आवश्यक है और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस दौरान अभिषेक चतुर्वेदी ने उम्मीद जताई कि मांगों पर जल्द कार्यवाही होने से ग्राम पंचायत औंरी के सैकड़ों लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।






