बालोद/सनौद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला गांव में पेट्रोल टंकी के पास रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार पिता और उसके 12 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार डागेश्वर साहू (34 वर्ष) अपने दो बेटों वेद प्रकाश (12 वर्ष) और अनुराग (8 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मामा के घर मोहारा गए हुए थे। कार्यक्रम के बाद तीनों मोटरसाइकिल से अपने गांव गजराबांधा वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान अरमरीकला गांव के पेट्रोल टंकी के पास उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 P 3906 सड़क पर खड़ी ट्रक क्रमांक CG 08 AU 7510 के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में पिता डागेश्वर साहू और उनके 12 वर्षीय बेटे वेद प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया।

एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़…
हादसे में एक साथ पिता और बड़े बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं घायल 8 वर्षीय अनुराग का अस्पताल में इलाज जारी है। मासूम की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं।
पुलिस जांच में जुटी…
घटना की जानकारी मिलने के बाद सनौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।







